रुद्रपुर। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में 20 फरवरी 2026 को सभी न्यायालय परिसरों में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी स्वयं रुद्रपुर न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व किया।
चेकिंग अभियान के दौरान बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वाड की टीमों ने न्यायालय परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली। पार्किंग स्थल, कोर्ट कक्षों के आसपास के क्षेत्र, सार्वजनिक स्थानों और प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी रखी गई। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कड़ी चेकिंग और फ्रिस्किंग की गई तथा वाहनों की भी सघन जांच सुनिश्चित की गई।
एसएसपी अजय गणपति ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। पुलिस प्रशासन ने कहा कि न्यायालय परिसरों में अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अभियान भविष्य में भी समय-समय पर जारी रहेंगे।


