दुकानदार द्वारा दो कश्मीरी युवकों से मारपीट, एक घायल; हिरासत में आरोपी

ख़बर शेयर करें

दुकानदार द्वारा दो कश्मीरी युवकों से मारपीट, एक घायल; हिरासत में आरोपी

देहरादून। दिनांक 28 जनवरी 2026 को विकासनगर क्षेत्र में कश्मीर के रहने वाले दो युवकों का एक स्थानीय दुकानदार से दुकान से सामान खरीदने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दुकानदार द्वारा युवकों के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गई, जिसमें एक युवक के सिर पर चोट आई।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक छुट्टियों में कश्मीर से अपने पिता के पास आए थे, जो पौंटा साहिब में किराये पर रहते हैं और आसपास के क्षेत्रों में फेरी लगाने का कार्य करते हैं। युवक अपने पिता के फेरी व्यवसाय में सहायता कर रहे थे।

घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0- 26/26 धारा 117(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। घटना स्थल के निरीक्षण, उपलब्ध साक्ष्यों एवं पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने नामजद मुख्य अभियुक्त संजय यादव को हिरासत में ले लिया है, जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गहन विवेचना की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।


ख़बर शेयर करें