रुद्रपुर । शहर की खेड़ा कॉलोनी स्थित ईदगाह की समस्या को लेकर शहर के मुस्लिम समाज के लोगों ने आज जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर । शहर की खेड़ा कॉलोनी स्थित ईदगाह की समस्या को लेकर शहर के मुस्लिम समाज के लोगों ने आज जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया कि खेड़ा कॉलोनी स्थित ईदगाह में पिछले करीब 60 वर्षों से ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा के अवसर पर शहर भर के हजारों मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र होकर सामूहिक नमाज अदा करते आ रहे हैं। बीते 7 दिसंबर 2025 को नगर निगम द्वारा प्रशासनिक कार्रवाई के तहत ईदगाह की भूमि को अतिक्रमण बताते हुए अधिकांश भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया और वहां दीवार बना दी गई। इसके बाद से मुस्लिम समाज में रोष की स्थिति बनी हुई है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि ईद की नमाज में करीब 15 से 20 हजार लोग शामिल होते हैं, जबकि अब शेष बची भूमि पर इतनी बड़ी संख्या में नमाज अदा करना संभव नहीं है। ऐसे में आने वाली ईद को लेकर शहर के मुस्लिम समाज में चिंता बनी हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आगामी ईद की नमाज पूर्व की भांति शांतिपूर्ण और पारंपरिक तरीके से ईदगाह में अदा की जा सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि रुद्रपुर शहर में यही एकमात्र ईदगाह है, जहां वर्षों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ ईद की नमाज अदा की जाती रही है। इस दौरान जाहिद रजा रिजवी, इमाम मौलाना मुफ्ती दानिश मिस्बाही, मौलाना हनीफ रिजवी , मौलाना मुफ्ती सईद उर्रहमान , मौलाना आस मोहम्मद, मौलाना फर्मूद , मौलाना समीर नूरी, मौलाना जाफर , मौलाना सददाम , मौलाना जियाउल बशर , मौलाना नौशाद आलम , मौलाना कारी इकबाल , मौलाना कारी नासिर , मौलाना हाफिज तसव्वुर, मौलाना हाफिज फुरकान सहित शहर की समस्त मस्जिदों के सदर और मुस्लिम समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करें