झील में मौत का मंजर टला: धारी देवी मंदिर के पास दो स्टीमर आमने-सामने टकराईं उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर के समीप अलकनंदा नदी पर बनी झील में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो स्टीमर बोट आपस में जोरदार टक्कर खा गईं। घटना का LIVE वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों बोटों को आमने-सामने भिड़ते देखा जा सकता है।
टक्कर इतनी अचानक हुई कि सवार लोग संभल ही नहीं पाए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ यात्रियों ने घबराकर तुरंत नदी में छलांग लगा दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और मौके पर मौजूद अन्य नाव चालकों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में स्टीमर संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यह इलाका धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में बोट संचालन के नियमों, चालक प्रशिक्षण और निगरानी तंत्र को लेकर प्रशासन पर जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है कि हादसा लापरवाही का परिणाम था या तकनीकी खराबी की वजह से हुआ। वायरल वीडियो ने सुरक्षा मानकों की सख्ती की मांग को और तेज कर दिया है।

2026

