महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ को पायलट शांभवी पाठक का भी निधन हो गया। शांभवी का परिवार दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव के ए 1/162 में रेंट पर रहता था। दो दिन पहले परिवार सफदरजंग एन्क्लेव में ही ए 1/313 के फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। परिजन शांभवी की शादी के लिए बातचीत कर रहे थे। ऐसे में जिस घर में शादी की शहनाई गूंजनी थी, अब वहां मातम पसर गया है।

शांभवी के निधन पर पड़ोसियों को यकीन ही नहीं हो रहा है। पिता और दादा एयरफोर्स में थे, इसके चलते शांभवी ने भी एविएशन फील्ड को चुना। परिवार शादी कराने की तैयारी में था, पर उसके निधन से मां रोली पाठक एकदम से टूट चुकी हैं। पिता विक्रम पाठक बेटी के शव लेने के लिए मुंबई रवाना चुके हैं। वहीं छोटा भाई वरुण मां के पास उन्हें ढांढस बंधा रहा है। देर शाम स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

